![]()
अमेठी के जामो थाना क्षेत्र में 35 साल के चौकीदार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रामशाहपुर गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान शिवधन भजन पुत्र स्वर्गीय जग प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, देर रात शिवधन अपने कमरे में थे। काफी देर तक जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां शिवधन साड़ी के फंदे से लटके मिले। परिजनों ने तत्काल जामो पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए गौरीगंज जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने भी किसी कारण की जानकारी होने से इनकार किया है। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि मृतक जामो थाने में चौकीदार के पद पर कार्यरत था। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। शिवधन अपनी मां के साथ रहते थे। उनकी पत्नी शादी के कुछ साल बाद ही उन्हें छोड़कर चली गई थी।
Source link
थाने के चौकीदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:आवाज न आने पर परिजनों ने गेट तोड़ा, अंदर लटकी मिली बॉडी