उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को अक्टूबर में बिजली बिल पर 5.24% की राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने अक्टूबर के एफपीपीसीए (ईंधन अधिभार) से संबंधित आदेश जारी कर दिया है। इससे प्रदेश के उपभोक्ताओं को करीब 424 करोड़
.
एफपीपीसीए के तहत मिलने वाली इस राहत का असर अक्टूबर के बिजली बिल में दिखाई देगा। यह लगातार चौथा महीना है, जब एफपीपीसीए के जरिए उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
चार महीने में लगातार राहत
जुलाई: 4.43%
अगस्त: 2.92%
सितंबर: 7.93%
अक्टूबर: 5.24%
अवधेश वर्मा बोले- परिषद की गणना सही साबित हुई
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि उपभोक्ता परिषद ने अक्टूबर में 5% से अधिक एफपीपीसीए राहत मिलने की बात कही थी, जो UPPCL के आदेश के बाद सही साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि परिषद ने एफपीपीसीए की गणना, बिजली खरीद लागत और उपभोक्ताओं को मिलने वाले वैधानिक लाभ का मुद्दा लगातार उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (UPERC) के सामने उठाया। परिषद की पैरवी और नियमानुसार गणना के प्रयासों के बाद उपभोक्ताओं को बिजली खरीद लागत में कमी का लाभ मिल रहा है।
‘424 करोड़ का लाभ सीधे उपभोक्ताओं को’
अवधेश वर्मा ने कहा कि अक्टूबर में 5.24% की राहत से करीब 424 करोड़ रुपए का लाभ प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता परिषद आगे भी एफपीपीसीए की गणना और उससे मिलने वाले लाभ की निगरानी करती रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को उनका वैधानिक लाभ समय पर मिलता रहे।

