ताजमहल वेस्ट गेट पर एएसआई कर्मचारी की मौत:हार्ट अटैक बतायी जा रही चजह, ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबियत, सुरक्षा कर्मियों ने अस्पताल में कराया था भर्ती


ताजमहल में ड्यूटी पर आ रहे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के 54 वर्षीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कैलाश की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वेस्ट गेट के पास बेहोश होने पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतक कैलाश सिकंदरा क्षेत्र के एक गांव के निवासी थे और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) में एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे, जो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की श्रेणी में आते हैं। मंगलवार सुबह वह साइकिल से अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। पश्चिमी गेट पार्किंग में साइकिल खड़ी करने के बाद वह वेस्ट गेट से ताजमहल परिसर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सीआईएसएफ, एएसआई और अन्य सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उन्हें शांति मांगलिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। उनका आरोप है कि डॉक्टरों ने कैलाश को भर्ती नहीं किया और इलाज शुरू किए बिना ही मृत घोषित कर दिया। उनका कहना है कि यदि समय पर उपचार मिलता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। इसी आरोप को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर आगरा और बसई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के तहत शव को सरकारी अस्पताल भिजवाया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *