![]()
रामनगरी अयोध्या में सोमवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई। पहले दिन जनपद में 31 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक भक्तिमय माहौल नजर आया। इस बार श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के साथ नीम करोली बाबा और बर्फानी बाबा के दर्शन का अवसर भी मिल रहा है। फतेहगंज स्थित राम जानकी मंदिर में पहली बार नीम करोली बाबा और बर्फानी बाबा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने प्रतिमाओं की स्थापना का शुभारंभ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। राम जानकी मंदिर में पहली बार होंगे विशेष दर्शन पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि राम जानकी मंदिर में मां दुर्गा की आराधना के साथ श्रद्धालु नीम करोली बाबा और बर्फानी बाबा के भी दर्शन कर सकेंगे। मंदिर में प्रतिमाओं की स्थापना से भक्तों को एक ही स्थान पर तीनों के दर्शन का अवसर मिलेगा। राम जानकी मंदिर दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता के अनुसार, नवरात्र को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा आयोजन को व्यवस्थित रखने पर ध्यान दिया जा रहा है। पंडालों में महिला पुलिस और वालंटियर संभालेंगे सुरक्षा नवरात्र और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। दुर्गा पूजा पंडालों में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिस और वालंटियर तैनात रहेंगे। पीएसी और सिविल पुलिस के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भी भीड़ और आयोजन स्थलों पर नजर रखी जाएगी। विसर्जन के दौरान तैनात रहेंगे गोताखोर प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए एसडीआरएफ की टीम और गोताखोर तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। डीजे की आवाज पर रहेगी निगरानी पुलिस-प्रशासन ने डीजे संचालकों के साथ बैठक कर निर्धारित मानकों के अनुसार आवाज रखने के निर्देश दिए हैं। पूजा समितियों से भी नियमों का पालन करने की अपील की गई है। कुछ दुर्गा पूजा समितियों ने इस बार डीजे का इस्तेमाल नहीं करने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का जोर है कि नवरात्र और दुर्गा पूजा के आयोजन श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों।
Source link
अयोध्या में नीम करोली और बर्फानी बाबा का दर्शन शुरू:दुर्गा पूजा पंडालों में पुलिस तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी