कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस ने देशी शराब ठेके के सेल्समैन से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैश, बैग, शराब की बोतलें और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम पिपरगवां के देशी शराब ठेके के सेल्समैन सचिन कुमार 3 जुलाई की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके बैग में 65 हजार रुपये कैश, दुकान की चाबी, टिफिन और 10 पउवा देशी शराब रखी थी। बधारा मोड़ के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके सिर पर डंडे से हमला कर दिया और बैग लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान एक आरोपी की बाइक मौके पर छूट गई थी। पुलिस ने बाइक के नंबर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना का खुलासा कर दिया। शराब के ठेके पर बनाई लूट की योजना पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि निर्माणाधीन कुम्हउपुर रिंग रोड फ्लाईओवर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले शराब के ठेके पर बैठकर शराब पी रहे थे। वहीं उन्होंने सेल्समैन के पास नकदी होने की जानकारी मिलने पर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार उर्फ भूरा (22) और दलबीर सिंह उर्फ वीर सिंह (28), निवासी ग्राम सिनिया, थाना बिधनू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद, 10 पउवा देशी शराब, टिफिन, बैग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
Source link
ठेके पर शराब पीकर बनाया लूट का प्लान:सेल्समैन को पीटकर 65 हजार लूटे, दो गिरफ्तार