जेवर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी की बैठक:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अधिकारियों ने की समीक्षा


नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी (AEPC) और एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति (AEMC) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वाईआईएपीएल (YIAPL) एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस के सभागार में आयोजित इस बैठक में हवाई अड्डे की आपातकालीन तैयारियों, संरचित समन्वय व्यवस्था और आधुनिक आधारभूत संरचना का विस्तृत अवलोकन किया गया।
जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, डीडीएमए, यमुना विकास प्राधिकरण और एपीएचओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में समयबद्ध, प्रभावी और एकीकृत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी भागीदार एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय अनिवार्य है। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने बैठक में प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। यह समिति नागरिक उड्डयन मंत्रालय की आपदा प्रबंधन योजना-2016 और डीजीसीए के प्रावधानों के तहत गठित की गई है। इसका मुख्य कार्य हवाई अड्डे की आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा करना, उन्हें अद्यतन करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना है।
बैठक के दौरान हवाई अड्डे की आपातकालीन व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया। इसमें आईसीएओ अनुलग्नक-14, डीजीसीए सीएआर और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक नियामक प्रावधानों और संरचनात्मक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अब तक आयोजित विभिन्न मॉक ड्रिल और आपातकालीन अभ्यासों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान, जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नो-फ्लाइंग जोन में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, एयरपोर्ट की परिधि के 18 किलोमीटर की दूरी तक लेजर लाइट का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि हवाई सुरक्षा से संबंधित किसी भी जोखिम की संभावना न रहे।
उन्होने नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के कार्य प्रभावित क्षेत्रों में यमुना विकास प्राधिकरण एवं नगर पालिका जेवर के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आसपास के क्षेत्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप कूड़े का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिससे स्वच्छता एवं पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण अनुपालन बना रहे।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, एसीपी सार्थक सेंगर सहित पुलिस, अग्निशमन, सीआईएफ, एनडीआरफ एवं आपातकालीन सेवाएं, DGCA, एपीएचओ तथा नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रबंधन टीम के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *