जालौन में छत से गिरकर युवक की मौत:नींद में टॉयलेट जाने उठा था, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा


जालौन के आटा थाना क्षेत्र के इटौरा गांव में बुधवार देर रात हादसा हो गया। छत पर सो रहा युवक नींद में टॉयलेट जाने के लिए उठा, तभी संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आटा थाना क्षेत्र के इटौरा गांव निवासी 23 वर्षीय मंगल बुधवार रात अपने घर की छत पर सो रहा था। परिजनों के अनुसार, देर रात वह नींद में टॉयलेट जाने के लिए उठा। अंधेरा होने और नींद की अवस्था में उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह छत से नीचे जा गिरा। गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मंगल की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंगल की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के मुताबिक वह परिवार का मुख्य सहारा था। उसके निधन के बाद मां, एक भाई और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *