![]()
रामपुर के बिलासपुर पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये का चोरी का सामान और चोरी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने रविवार शाम प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को हिममतपुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके ढाबे से चार बैटरी और ल्यूमिनस अल्टीनेटर की कॉपर की तार चोरी हो गई है। इसके बाद 24 अगस्त को दूसरी शिकायत मिली। इसमें बताया गया कि 23 अगस्त की रात बिल्डिंग की दुकान की टिन हटाकर अल्टीनेटर की तार, खोखे की टिन और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। दोनों मामलों की विवेचना और साक्ष्य जुटाने के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिला। रविवार 30 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शकील पुत्र हमजाअली निवासी बासनेगली, थाना भोट और फरीद उर्फ साहिल पुत्र इदरीस निवासी कोयला, थाना भोट को ईशानगर से चंदेन जाने वाले रास्ते पर आम के बाग के पास गिरफ्तार कर लिया। बैटरी, इन्वर्टर और कॉपर वायर बरामद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार बैटरी, ल्यूमिनस कंपनी का 1650 वाट का इन्वर्टर, तांबे के तार, अल्टीनेटर की रोटर-कवर, फिल्ड और तार, एक एलईडी ईगो रॉड बरामद की। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। शकील के खिलाफ शहजादनगर, बिलासपुर और भोट थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरीद उर्फ साहिल के खिलाफ बिलासपुर, भोट और बरेली के भोजीपुरा थाने में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पूछताछ में फैक्ट्री से मशीन चोरी का भी खुलासा पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 21 अगस्त को भोट क्षेत्र की एक फैक्ट्री से तीन पिलिंग मशीन चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब इस मामले में बरामदगी के प्रयास के साथ ही आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों से संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।
Source link
रामपुर में दो शातिर चोर गिरफ्तार, दो चोरी का खुलासा:5 लाख का चोरी का सामान और बिना नंबर की बाइक बरामद