चार घंटे की बारिश ने बिजली व्यवस्था की खोली पोल:शहर से गांव तक घंटों अंधेरे में रहे लोग: ग्रामीण क्षेत्रों में फुंका ट्रांसफार्मर बना मुसीबत


लखनऊ में शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश ने राजधानी की बिजली व्यवस्था की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। बारिश के साथ हुए अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट और कई जगह ब्रेकडाउन के कारण शहर के बड़े हिस्से में घंटों बिजली गुल रही। सुबह के समय सप्लाई ठप होने से हजारों घरों में पानी का संकट भी खड़ा हो गया। परेशान उपभोक्ताओं ने उपकेंद्रों और टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायतों की झड़ी लगा दी, लेकिन राहत मिलने में घंटों लग गए। सबसे ज्यादा असर इंदिरानगर, गोमतीनगर, चिनहट, हुसैनगंज, लालकुआं, चौपटिया, महानगर और ऐशबाग समेत कई इलाकों में देखने को मिला। हुसैनगंज उपकेंद्र के छितवापुर चौकी क्षेत्र में सुबह करीब चार घंटे तक बिजली नहीं रही। वहीं 11 केवी चारबाग फीडर के ब्रेकडाउन से आसपास के इलाकों की सप्लाई भी बाधित हो गई। ऐशबाग में लगातार दूसरे दिन बिजली संकट बना रहा। रामनगर, पीली कॉलोनी, सुदर्शनपुरी, खजुआ और भदेवा के लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे। राजाजीपुरम न्यू उपकेंद्र का 11 केवी फीडर फॉल्ट हो गया, जबकि नूरबाड़ी उपकेंद्र की 33 केवी भूमिगत केबल खराब होने से आपूर्ति प्रभावित रही। इसके अलावा खुर्रमनगर ट्रांसमिशन की 33 केवी लाइन, जीपीआरए उपकेंद्र का सत्यार्थी धाम फीडर, गहरू उपकेंद्र की 33 केवी लाइन और उतरेठिया की सरोजनीनगर लाइन में भी ब्रेकडाउन होने से कई कॉलोनियों में घंटों बिजली नहीं आई। अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र से जुड़े कल्प सिटी और रॉयल सिटी के लोगों को भी लंबे समय तक बिजली संकट झेलना पड़ा। नादरगंज के शारदा नगर उपकेंद्र से जुड़े माती और बिजनौर समेत कई गांवों में गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक करीब 12 घंटे बिजली गुल रही। पूरी रात अंधेरे में गुजारने के बाद सुबह भी लोगों को राहत नहीं मिली। गांवों में ट्रांसफार्मर बना परेशानी की वजह शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी बिजली व्यवस्था चरमराई रही। गोसाईगंज के जमालपुर कुर्मियान गांव में हनुमान मंदिर के पास लगा ट्रांसफार्मर करीब 20 दिन पहले फुंक गया था, जिसे अब तक नहीं बदला गया है। विभाग ने गांव की लाइन दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ दी है, लेकिन लो-वोल्टेज के कारण पंखे और अन्य उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीण अभिषेक तिवारी का कहना है कि विभाग खराब ट्रांसफार्मर उतारकर ले गया, लेकिन नया ट्रांसफार्मर अब तक नहीं लगाया गया, जिससे भीषण गर्मी में लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *