घर से 2kM दूर नहर में मिला युवक का शव:उन्नाव में परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी


उन्नाव के असोहा थाना क्षेत्र के दाऊ गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव नहर में मिला। घटना सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक की पहचान पंकज सिंह (35) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, पंकज सिंह शनिवार सुबह करीब सात बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह गांव से करीब दो किलोमीटर दूर नहर में उनका शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही असोहा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य भी जुटाए। मृतक के परिजनों ने गांव के सुभाष सिंह, जो एक सेल्समैन बताए जा रहे हैं, पर पंकज की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पंकज सिंह अपने परिवार के सबसे बड़े सदस्य थे। उनके परिवार में दो छोटे भाई और एक बहन हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर फूल सिंह ने बताया कि फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *