घर में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव:सुल्तानपुर में थाने से एक किमी दूर की घटना, घटना के समय अकेली थी


सुलतानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में गुरुवार दोपहर एक 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के समय किशोरी घर में अकेली थी। यह घटना कुड़वार थाने से लगभग एक किलोमीटर दूर हुई। सूचना मिलते ही कुड़वार पुलिस, सीओ सिटी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, भगवानपुर निवासी गोकुल प्रजापति की पुत्री कल्पना (17) अपने घर में थी। उसकी मां घर के बाहर बर्तन धो रही थीं और छोटा भाई बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद जब मां घर के अंदर पहुंचीं, तो उन्होंने कल्पना को कमरे में फंदे से लटका देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कल्पना ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी और उसके बाद घर पर ही रहती थी। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। परिवार में कल्पना के अलावा उसकी बहन सोनिया (13) और भाई दिलीप (12) भी हैं। कल्पना की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि किशोरी की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *