ग्रेटर नोएडा वेस्ट गौर सिटी-1 में छत का प्लास्टर गिरा:डेढ़ साल में दूसरी बार हुई घटना, बड़ा हादसा टला


ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से हुई मौत की घटना के बाद अब गौर सिटी-1 की 5 एवेन्यू में भी ऐसी ही घटना सामने आई है। सोमवार रात करीब 10 बजे एक फ्लैट के कमरे की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना गौर सिटी-1 के एच टावर स्थित फ्लैट नंबर 1265 में हुई, जहां मयंक अपने परिवार के साथ रहते हैं। मयंक ने बताया कि रात करीब 10 बजे छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे बेड पर गिरा, जिससे बेड के पास रखा टेबल लैंप टूट गया। उस समय मयंक के पिता कमरे में बेड से कुछ ही दूरी पर कुर्सी पर बैठे थे। यदि प्लास्टर कुछ फीट और खिसक जाता, तो उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। घटना से घबराए परिवार ने तुरंत सोसाइटी प्रबंधन को सूचित किया। मयंक ने आरोप लगाया कि यह उनके फ्लैट में प्लास्टर गिरने की पहली घटना नहीं है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले भी इसी कमरे में इसी जगह से प्लास्टर टूटकर गिरा था। उस समय उनके बच्चे कमरे में मौजूद थे और प्लास्टर की चपेट में आने से उन्हें चोटें आई थीं। पिछली घटना के बाद मरम्मत का कार्य कराया गया था, लेकिन अब दोबारा उसी स्थान पर प्लास्टर गिरने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मयंक ने अब एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) से दोबारा निरीक्षण कराकर गुणवत्तापूर्ण और स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *