मथुरा में आंधी से मकान पर पेड़ गिरा:दो बच्चे घायल, कई बिजली के खंभे भी टूटे


मथुरा के नगला भैंसारा गांव में मंगलवार देर शाम तेज आंधी-तूफान के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। थाना जमुनापार क्षेत्र में एक विशालकाय पेड़ अचानक एक मकान पर गिर गया। इस घटना में दो बच्चे घायल हो गए, जबकि कई बिजली के खंभे भी टूट गए। यह घटना शाम करीब छह बजे हुई। पेड़ गिरने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने मलबे और पेड़ की शाखाओं के बीच फंसे बच्चों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों बच्चों का इलाज जारी है। पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था स्थानीय निवासी जयप्रकाश ने बताया कि यह पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी खतरनाक स्थिति के बारे में पहले भी संबंधित विभागों को शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते पेड़ की कटाई या छंटाई कर दी जाती तो इस हादसे को टाला जा सकता था। पेड़ गिरने से कई बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे कोई बड़ा विद्युत हादसा नहीं हुआ। ग्रामीणों का मानना है कि यदि लाइन चालू होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घटना की सूचना संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घायल बच्चों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने गांव और आसपास के क्षेत्रों में खतरनाक एवं जर्जर पेड़ों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *