गोंडा में शिवम पांडेय हाउस अरेस्ट:CM योगी से मिलने का किया था ऐलान, SI समेत 6 पुलिसकर्मी तैनात


राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय को गोंडा में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। उन्होंने गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर स्थित जर्जर बिसुही पुल के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का ऐलान किया था। पुलिस ने उन्हें आज सुबह से उनके घर पर ही रोक रखा है। शिवम पांडेय के घर पर एक उपनिरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्हें घर से बाहर निकलने या गोंडा जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोंडा दौरे के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। यह मामला 114 साल पुराने बिसुही पुल के निर्माण से जुड़ा है। राष्ट्रीय छात्र पंचायत ने पहले भी इस पुल के निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किए हैं। इसमें मुख्यमंत्री की तस्वीर पर जल चढ़ाना और खून से जल सत्याग्रह करना शामिल था। तब NHAI के अधिकारियों ने जल्द निर्माण का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया था। मुख्यमंत्री से मिलकर मांग रखने का ऐलान आश्वासन के कई महीने बीत जाने के बाद भी पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ। इसके बाद शिवम पांडेय ने एक बार फिर मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांग रखने का ऐलान किया था। शिवम पांडेय ने बताया कि पुल इतना जर्जर हो चुका है कि यहां आए दिन घंटों जाम लगा रहता है, जिससे बच्चों और मरीजों को आवागमन में भारी दिक्कत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की आवाज दबाने के लिए उन्हें हाउस अरेस्ट कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *