गंगाजल चढ़ाकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत:हरदोई में अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, एक साथी लखनऊ रेफर


हरदोई के देहात कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में सकाहा मंदिर से गंगा जल चढ़ाकर लौट रहे बाइक सवार एक युवक की मृत्यु हो गई। इस घटना में उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लखनऊ रेफर किया गया है। अपने इकलौते पुत्र को खोने के बाद पिता बदहवास हो गए। यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 7:30 हुआ। शुक्रवार की दोपहर 2 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। यह हादसा हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर अटवा असिगांव के पास गौशाला के पास रात में हुआ। बिलग्राम के राजघाट से गंगाजल लेकर सकाहा मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद कौढ़ा गांव निवासी 29 वर्षीय मोनू अपने 23 वर्षीय दोस्त अनुज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान, एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर आ गए। एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने रात करीब 9 बजे मोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनुज को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया है। मृतक मोनू अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी दो बड़ी बहनें विवाहित हैं। मोनू की मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल अनुज की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *