कानपुर में 4 क्विंटल गांजा पकड़ा:उड़ीसा से राजस्थान जा रही ₹3.5 करोड़ की खेप बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार


कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के ‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ के तहत सजेती थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार कुंतल गांजा बरामद किया गया। उड़ीसा से राजस्थान ले जाई जा रही इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। बरीपाल मार्केट के पास घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके की टीम को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा कानपुर के रास्ते राजस्थान ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत और सजेती पुलिस ने बरीपाल मार्केट के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी में ट्रक से गांजे की सैकड़ों सिल्लियां बरामद हुईं। ट्रक चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। राजस्थान पहुंचते ही सौंपनी थी खेप गिरफ्तार चालक ने पूछताछ में अपना नाम रामेश्वर, निवासी राजस्थान बताया। उसने पुलिस को बताया कि राजस्थान की सीमा में प्रवेश करने के बाद उसे एक व्यक्ति को यह खेप सौंपनी थी। सप्लाई लेने वाले के पास केवल ट्रक का नंबर था, जबकि उड़ीसा के तस्कर दोनों पक्षों के बीच संपर्क का काम करते थे। पुलिस ने चालक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। महिलाओं और बच्चों का भी लेते थे सहारा प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजा राजस्थान के विभिन्न जिलों में पहुंचाकर छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचने की तैयारी थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि तस्कर अक्सर पुलिस के शक से बचने के लिए ट्रकों में महिलाओं और बच्चों को भी साथ बैठाते हैं। इस मामले में भी महिलाएं और बच्चे ट्रक में सवार थे, जिन्हें कानपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उतार दिया गया था। अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू पुलिस के अनुसार उड़ीसा में कम कीमत पर मिलने वाला गांजा दूसरे राज्यों में पहुंचते-पहुंचते कई गुना महंगा बिकता है। बरामद खेप के तार एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अब उड़ीसा और राजस्थान के तस्करों के बीच सक्रिय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एडीसीपी बोले- अभियान लगातार जारी रहेगा एडीसीपी साउथ सुमित रामटेके ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार कुंतल गांजा और ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *