![]()
आगरा के पिनाहट कस्बे के मोहल्ला मार में रविवार सुबह एक युवक ने अपनी प्रेमिका के 13 वर्षीय भाई का अपहरण कर लिया। आरोपी ने शादी का दबाव बनाने के लिए किशोर को चाकू की नोक पर घर से अगवा किया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने पिनाहट थाने में बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे पड़ोसी मौसिम खां उनके घर में घुस आया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए बेटे (13) की गर्दन पर चाकू रख दिया और उसे जबरन अपने साथ ले गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मौसिम खां अपहृत किशोर की बड़ी बहन से एकतरफा प्रेम करता है और उस पर शादी का दबाव बना रहा था। लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। करीब एक साल पहले इस विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत भी हुई थी, लेकिन लड़की के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए। हाल ही में परिजनों ने युवती का विवाह किसी अन्य युवक के साथ तय कर दिया था। इसी बात से बौखलाकर आरोपी ने परिजनों पर शादी तोड़ने का दबाव बनाने के लिए यह वारदात की। पिनाहट थाना प्रभारी वी. पी. गिरि ने बताया कि आरोपी मौसिम खां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी वी. पी. गिरि ने आगे कहा, “नाबालिग किशोर की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
Source link
आगरा में प्रेमी ने प्रेमिका के भाई का अपहरण किया:शादी का दबाव बनाने को चाकू की नोंक पर घर से ले गया