![]()
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की हत्या के बाद भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। 14 जुलाई को हुई घटना के बाद विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते कॉलेज प्रशासन ने कई छात्रों को तीन दिन की छुट्टी पर घर भेज दिया था। छुट्टी समाप्त होने के बावजूद 60 से अधिक छात्र-छात्राएं अभी तक कॉलेज नहीं लौटे हैं। छात्र सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और खुद को परिसर में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बुधवार को भी बड़ी संख्या में पैरामेडिकल छात्र संस्थान से अनुपस्थित रहे। लगातार छात्रों की गैरमौजूदगी ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज प्रशासन के सामने अब छात्रों का भरोसा वापस जीतने की बड़ी चुनौती है। हत्या के बाद हुआ था प्रदर्शन कशिश पटेल की हत्या के बाद उसके सहपाठियों ने तत्कालीन प्राचार्य संगीता अनेजा के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। उस समय स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कई छात्रों को घर भेज दिया था। हालांकि, अब भी अधिकांश छात्र सुरक्षा कारणों से वापस आने से कतरा रहे हैं। तत्कालीन प्राचार्य का हुआ तबादला मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने कार्रवाई करते हुए तत्कालीन प्राचार्य संगीता अनेजा का तबादला पीलीभीत से बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज कर दिया है। उनकी जगह डॉ. अमित कुमार सिंह को पीलीभीत मेडिकल कॉलेज का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है। नए प्राचार्य बोले- छात्रों से संवाद कर दूर करेंगे भय नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. अमित कुमार सिंह ने पदभार संभालने के बाद कहा कि वह पूरे मामले के हर पहलू की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा जाएगा और परिसर में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छात्र बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
Source link
कशिश हत्याकांड के बाद मेडिकल कॉलेज में दहशत:60 से ज्यादा छात्र-छात्राएं अब तक नहीं लौटे, नए प्राचार्य के सामने भरोसा बहाल करने की चुनौती