एटा में 15 वर्षीय किशोर का अपहरण:36 घंटे बाद खेत में हाथ-पैर बंधे मिले, जमीन विवाद में परिजनों ने गांव के लोगों पर लगाया आरोप


एटा के जैथरा थाना क्षेत्र के सआदतनगर गांव से बुधवार सुबह लापता हुए 15 वर्षीय किशोर को करीब 36 घंटे बाद गुरुवार शाम कोतवाली देहात क्षेत्र के ककरावली गांव के एक खेत से बरामद कर लिया गया। किशोर के हाथ-पैर रस्सी और कपड़े से बंधे हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मुक्त कर वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने जमीन के विवाद में गांव के कुछ लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया है। सआदतनगर निवासी जागेश्वर का 15 वर्षीय बेटा प्रियांशु बुधवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने जैथरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे ककरावली गांव के ग्रामीणों ने खेत में एक किशोर को हाथ-पैर बंधे और बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल कोतवाली देहात पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किशोर को मुक्त कर इलाज के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। किशोर के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन परिजनों ने पूरे घटनाक्रम को अपहरण बताया है। किशोर के भाई सुरजीत का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते प्रियांशु का अपहरण किया गया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके छोटे भाई के साथ अपहरण की कोशिश हो चुकी है, लेकिन उस समय वह किसी तरह बचकर निकल आया था। कोतवाली देहात थाना प्रभारी के.के. लोधी ने बताया- किशोर जैथरा थाना क्षेत्र से लापता हुआ था और वहां उसकी गुमशुदगी दर्ज है। उसे कोतवाली देहात क्षेत्र से बरामद किया गया है। मामले की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *