![]()
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक सड़क हादसे में 40 साल के युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान कुंवारिया खेड़ा निवासी रामू पासी पुत्र छेदी पासी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामू पासी दिल्ली में निजी नौकरी करता था। वह हाल ही में अपने छोटे भाई सुशील की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। सुशील की शादी 27 अप्रैल को संपन्न हुई थी। शादी के बाद रामू अपने जीजा को बनी गांव छोड़ने गया था। बुधवार रात वह अपनी पल्सर बाइक से वापस घर लौट रहा था। पिपरी गांव मोड़ के पास पहुंचते ही उसकी बाइक सामने से आ रही भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है। मृतक रामू अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई सूरज और सुशील हैं, जिनमें से सुशील की शादी कुछ दिन पहले ही हुई थी। इस घटना से परिवार सदमे में है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उन्नाव में बाइक-ट्रॉली की टक्कर, अधेड़ की मौत:दिल्ली से छोटे भाई की शादी में आया था, पल्सर के उड़े परखच्चे