महापौर के वार्ड में 10 दिन से नहीं पहुंची कूड़ा-गाड़ी:मेरठ के वार्ड-37 गंगानगर के लोग बोले- शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई


मेरठ नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार मामला वार्ड-37 गंगानगर का है, जहां पिछले 10 दिनों से कूड़ा उठाने वाली निगम की गाड़ी नहीं पहुंची है। खास बात यह है कि इसी वार्ड में मेरठ के महापौर हरिकांत अहलूवालिया का भी निवास है। लंबे समय से कूड़ा न उठने के कारण लोगों के घरों और गलियों में कचरा जमा हो गया है। बारिश के मौसम में इससे बदबू, मच्छरों और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासी ऋचा ने बताया कि कूड़ा गाड़ी कभी तय समय पर नहीं आती और पिछले 10 दिन से कूड़ा गाड़ी नहीं आई है। कभी सुबह पहुंचती है तो कभी दोपहर में, जबकि कई बार 10-12 दिन तक गाड़ी का कोई पता नहीं रहता। उन्होंने कहा कि घर में छोटे बच्चे हैं और कूड़ा जमा होने से मक्खी-मच्छर बढ़ गए हैं। नगर निगम और सुपरवाइजर से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जब उन्होंने चालक से शिकायत की तो उसने अभद्र व्यवहार किया। उनका कहना है कि यह समस्या नई नहीं है और हर महीने कूड़ा गाड़ी की अनियमितता बनी रहती है। स्थानीय निवासी गुड़ी चौहान ने बताया कि 10 दिनों से गली में कूड़ा गाड़ी नहीं आई है। घरों में कचरा सड़ रहा है और तेज बदबू फैल रही है। उन्होंने कहा कि इलाके में सिर्फ कूड़ा ही नहीं, सीवर ओवरफ्लो और टूटे मैनहोल की भी समस्या है, लेकिन उनकी सफाई या मरम्मत के लिए कोई नहीं आता। एक अन्य निवासी कृपा ने बताया कि कूड़ा गाड़ी पिछले 10 दिनों से नहीं आई। जब चालक का मन होता है तभी गाड़ी आती है। इससे घरों में कचरा जमा हो जाता है और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया कि नगर निगम, सुपरवाइजर और संबंधित कर्मचारियों को कई बार फोन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि कूड़ा नहीं उठने से घरों में दुर्गंध फैल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम शुल्क तो नियमित लेता है, लेकिन समय पर सेवा नहीं देता। शिकायत करने पर कई बार कर्मचारियों से विवाद की स्थिति भी बन जाती है। बारिश के मौसम में लगातार कूड़ा जमा रहने से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल कूड़ा उठाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *