शराब पीने से रोकने पर सैलून में घुसकर मारपीट, VIDEO:लोहे की रॉड और बेल्ट से हमला, पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार


बिजनौर में बुधवार को शराब पीने और गाली-गलौज का विरोध करना सैलून वाले को भारी पड़ गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने दुकान में घुसकर उसे लोहे की रॉड और बेल्ट से पीटा। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झलरा का है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्राम झलरा निवासी जहीर अहमद ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर के सामने कुछ युवक शराब और सुल्फा लेते हुए गाली-गलौज कर रहे थे। जहीर ने इसका विरोध करते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी उनसे रंजिश मानने लगे। दुकान में घुसकर रॉड और बेल्ट से हमला पीड़ित के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे कुछ युवक गांव के मदरसे के पास स्थित उनकी सैलून की दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और शराब पीने से रोकने की बात कहते हुए लोहे की रॉड और बेल्ट से हमला कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हमले में जहीर अहमद को कई चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। जाते समय उन्होंने जहीर और उनके दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने जांच शुरू की पीड़ित ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *