आगरा के चैरिटेबल आई हॉस्पिटल में जापानी माइक्रोस्कोप मशीन:अब आसानी से होंगे मोतियाबिंद समेत आंखों के जटिल ऑपरेशन


बालूगंज स्थित सुंदरानी चैरिटेबल आई हॉस्पिटल में बुधवार को अत्याधुनिक जापानी ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप का उद्घाटन किया गया। रोटरी क्लब ऑफ आगरा और मुकेश मित्तल वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से अस्पताल को यह मशीन उपलब्ध कराई गई है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस मशीन के जरिए अब मोतियाबिंद समेत आंखों के जटिल ऑपरेशन अधिक सटीकता और बेहतर तकनीक के साथ किए जा सकेंगे, जिससे हजारों जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिलेगा। अस्पताल में स्थापित टाकागी जापान ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप (मॉडल ओएम-6) का उद्घाटन रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजन विद्यार्थी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रोटरी का प्रमुख उद्देश्य है और यह मशीन नेत्र रोगियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। यह मशीन मुकेश मित्तल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से जनहित में अस्पताल को समर्पित की गई है। फाउंडेशन के चेयरमैन और अतुल ग्रुप के प्रमुख रामशरण मित्तल को इस पहल का मुख्य प्रेरणास्रोत बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि नई तकनीक के जुड़ने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरद चंद्रा और नीरव निमेश भी मौजूद रहे। रोटरी क्लब ऑफ आगरा के अध्यक्ष दीनदयाल अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सुंदरानी नेत्र चिकित्सालय सेवा समिति के सचिव सीके रस्तोगी ने रामशरण मित्तल का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन आशीष अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी स्वास्थ्य और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में शहर के चिकित्सक, समाजसेवी और रोटरी क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *