![]()
अयोध्या जिले के हैरिग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र से लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। किशोरी को उसके साथ गए किशोर के साथ पकड़ा गया है। किशोरी के परिजनों ने स्थानीय पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें एक किशोर पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी। जानकारी के अनुसार, किशोरी रविवार शाम करीब सात बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और एक किशोर पर संदेह जताते हुए कार्रवाई की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। तकनीकी माध्यमों की सहायता से दोनों की लोकेशन का पता लगाया गया। पुलिस की सक्रियता और लगातार खोजबीन के बाद किशोरी और उसके साथ गए किशोर को बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने बुधवार को बताया कि बरामद की गई किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किशोरी का बयान न्यायालय में भी दर्ज कराया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट और न्यायालय में दिए गए बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कर रही है और प्राप्त तथ्यों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Source link
अयोध्या में लापता 14 साल की किशोरी बरामद:प्रेमी किशोर संग मिली, मेडिकल परीक्षण न्यायालय में दर्ज बयान के बाद होगी कार्रवाई