अपराधी योगेन्द्र यादव जिला बदर:भदोही पुलिस ने मुनादी कराकर की कार्रवाई, 6 माह तक रहेगा बाहर


भदोही पुलिस ने एक शातिर अपराधी योगेन्द्र यादव को जिला बदर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में कोईरौना थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश पर अपराधी के घर पहुंचकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई। न्यायालय द्वारा जारी आदेश के तहत, योगेन्द्र यादव पुत्र विजयनाथ यादव निवासी गंगापुर तलिया, थाना कोईरौना, जनपद भदोही के विरुद्ध ‘गुंडा नियंत्रण अधिनियम’ की धारा 3(1) के तहत जारी कारण बताओ नोटिस की पुष्टि की गई थी। शासन और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए, स्थानीय पुलिस टीम ने पुलिस बल के साथ अपराधी के घर पहुंचकर डुगडुगी बजवाकर (मुनादी कराकर) इस आदेश की सार्वजनिक घोषणा की। अपराधी योगेन्द्र यादव को आदेश की तिथि से छह माह की अवधि के लिए भदोही जनपद की सीमा से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है। इस निष्कासन अवधि के दौरान उसे अपना आचरण ठीक रखना होगा और किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र लेकर नहीं चलना होगा। उसे अपने गंतव्य स्थान की सूचना संबंधित थाने के प्रभारी को देनी होगी। यदि अपराधी बिना न्यायालय की अनुमति के जनपद की सीमा में प्रवेश करता है, तो थाना प्रभारी द्वारा उसे तत्काल गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। भदोही पुलिस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *