![]()
सोनभद्र जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने आज जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण फायर सुरक्षा मानकों की जांच के लिए किया गया। निरीक्षण के दौरान रॉबर्ट्सगंज स्थित युवा डिजिटल लाइब्रेरी और शिफ्ट कंप्यूटर क्लासेस, ओबरा में पूनम तनेजा मेमोरियल क्लासेस, स्काई कोचिंग सेंटर और भाभा कोचिंग सेंटर का जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त, दुद्धी में द विजडम लाइब्रेरी, जया डिजिटल लाइब्रेरी और सक्सेस लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने संस्थान संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसमें अग्निशमन यंत्रों को क्रियाशील रखने, आपातकालीन निकास मार्गों को सुरक्षित और अवरोधमुक्त बनाए रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने को कहा गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरियां शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुरूप ही संचालित हों, ताकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अग्निशमन विभाग ने बताया कि सुरक्षा मानकों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अग्निशमन विभाग ने कोचिंग, लाइब्रेरियों का निरीक्षण किया:सोनभद्र डीएम के निर्देश पर सुरक्षा मानकों की जांच