![]()
एटा। नए जिलाधिकारी एम. अरुनमौली ने मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे एटा पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद उन्होंने जिला कोषागार में जरूरी दस्तावेजों पर दस्तखत किए और औपचारिक रूप से चार्ज संभाला। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों से जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी एम. अरुनमौली ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाए और आम आदमी को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से भी योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए गंभीरता से काम करने की उम्मीद जताई। उन्होंने यह भी कहा कि आवास योजनाओं के क्षेत्र में भी खास तौर पर काम किया जाएगा। आवास विकास से जुड़ी योजनाओं को गति देते हुए पात्र लोगों को लाभ दिलाने पर जोर रहेगा। उन्होंने साफ किया कि विकास कार्यों की रफ्तार बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। नए डीएम ने कहा कि जिले में पूर्व जिलाधिकारी ने विकास योजनाओं को जिस तेजी से आगे बढ़ाया है, उसे आगे भी जारी रखा जाएगा। अलग-अलग विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और जहां जरूरत होगी, वहां काम में तेजी लाई जाएगी। सरकार की प्राथमिकताओं के हिसाब से विकास कार्यों को समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा कराने की कोशिश की जाएगी। आगामी शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी जरूरी तैयारियां कराई जाएंगी। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कामों को समय पर पूरा करने के साथ ही निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों से तालमेल बनाकर जिले के विकास और लोगों की समस्याओं को जल्दी सुलझाने पर खास ध्यान देने को कहा।
Source link
जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता:एटा के नए डीएम एम. अरुनमौली ने कार्यभार संभालते ही बताई अपनी प्राथमिकता