अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंत्री जयवीर सिंह ने किया योगाभ्यास:मैनपुरी में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया


मैनपुरी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह श्री जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के साथ योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन प्रसारित किया गया। मुख्यमंत्री के उद्बोधन के उपरांत उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया और विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। योग दिवस को लेकर प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन और प्राणायाम कराए गए तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की, ताकि निरोग और संतुलित जीवन जिया जा सके। जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि योग भारतीय परंपरा की ऐसी विधा है, जो व्यक्ति को तन और मन दोनों से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करता है तथा कार्यक्षमता और एकाग्रता को बढ़ाता है। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि योग स्वस्थ और अनुशासित जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए योग आवश्यक है, क्योंकि इससे शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक संतुलन भी मजबूत होता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को योग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *