पटना2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भारत और आयरलैंड के बीच आज दूसरा T-20 मुकाबला शाम 6 बजे से बेलफास्ट में खेला जाएगा। इस सीरीज में सबसे बड़ी चर्चा 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की है। उन्हें पहले मैच में मौका नहीं मिला था, लेकिन पहले मैच में हार के बाद टीम मैनेजमेंट प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकती है।
अगर वैभव खेलते हैं तो भारत के सबसे कम उम्र के डेब्यू करने वाले प्लेयर होंगे। आज वैभव के सीनियर इंटरनेशनल डेब्यू की उम्मीद है। अगर आज उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो वैभव सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी को आज अगर मौका मिलता है, तो बैटिंग पोजिशन में बदलाव होगा। अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग या पूरी टॉप ऑर्डर की पोजिशन में फेरबदल हो सकता है।

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की 3 नंबर जर्सी मिली
BCCI की ओर से वैभव को टीम इंडिया की 3 नंबर जर्सी दी गई है। सूर्यवंशी को जर्सी भारतीय टीम में थ्रो डाउन स्पेशलिस्ट रघु ने सौंपी थी। सूर्यवंशी ने सबसे पहले रघु के पैर छूए और उन्हें प्रणाम किया, फिर जर्सी ली।
उन्होंने कहा कि ‘इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जिस दिन पहली बार बल्ला थामकर मैदान पर कदम रखा था, आज वह सपना पूरा हो गया है। यह मेरे अब तक के करियर का सबसे बड़ा कदम है और इस अहसास को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है।’
वैभव सूर्यवंशी को अलग चेंजिंग रूम मिलेगा
वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर अलग चेंजिंग रूम मिलेगा। उनकी फैमिली भी टीम होटल में उनके साथ ही रहेगी। हालांकि, वैभव मैचों के दौरान टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ रह सकेंगे। वे टीम मीटिंग्स में हिस्सा भी लेंगे।
यह फैसला ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) की चाइल्ड सेफगार्डिंग पॉलिसी के कारण लिया है, जिसे ICC ने इसे 2019 में लागू किया था।
वैभव सबसे कम उम्र में टीम इंडिया में चुने गए
वैभव 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर हैं। उन्होंने इस मामले में शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
शेफाली पहली बार 15 साल 220 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चुनी गई थीं, जबकि सचिन को 16 साल 194 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम में मौका मिला था।
सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले भारतीय बन सकते हैं वैभव
शेफाली ने 15 साल 239 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेल लिया था। वहीं, सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था।
वैभव को अगर इंग्लैंड-आयरलैंड टूर या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का मौका मिल जाता है तो वे शेफाली और सचिन दोनों को पीछे छोड़कर भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे।
11 गेंदों में लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया
हाल ही में वैभव ने भारत A और श्रीलंका A के बीच ट्राई सीरीज के फाइनल में वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया था। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 में वैभव ने 776 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा और उन्होंने एक शतक भी लगाया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय T20 टीम में जगह मिली।
