सीतापुर में ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी:ननद-भाभी की मौत, सतलोक आश्रम के पास पीछे से टक्कर मारी


सीतापुर के महोली कोतवाली इलाके में शनिवार देर शाम करीब 7 बजे एनएच-30 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ननद की मौत के बाद गंभीर रूप से घायल भाभी ने भी रविवार सुबह 7 बजे लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार रात हादसे के बाद गंभीर हालत में प्रिंसी को जिला अस्पताल से लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। एक ही हादसे में ननद-भाभी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार, महोली कस्बे के सोनारन टोला निवासी सिमरन (24) पुत्री कौशल रस्तोगी और उसकी भाभी प्रिंसी पत्नी श्रजल रस्तोगी शनिवार शाम स्कूटी से घर लौट रही थीं। रात करीब सात बजे दोनों एनएच-30 पर सतलोक आश्रम के पास पहुंची थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची महोली कोतवाली पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सिमरन को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रिंसी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर लखनऊ के ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान प्रिंसी ने भी दम तोड़ दिया। इससे पहले हादसे में सिमरन की मौत की खबर से परिवार सदमे में था, वहीं अब भाभी की मौत से मातम और गहरा गया। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने सिमरन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अब प्रिंसी की मौत के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से सोनारन टोला में भी शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *