UPSC CAPF Exam in Prayagraj

प्रमोद यादव | प्रयागराज2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

प्रयागराज में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) असिस्टेंट कमांडेंट भर्ती परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। शहर के कुल 18 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 7510 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सुबह से हो रही बारिश के बावजूद परीक्षार्थी समय से पहले ही अपने केंद्रों पर पहुंच गए।

परीक्षा दो पालियों में संचालित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 2 घंटे की थी, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे गए। दूसरी पाली में अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी, जो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक बंदोबस्त किए हैं। एडीएम सिटी सत्यम मिश्र ने पहले ही परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता न करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।

आयोग ने परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए उम्मीदवारों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक सत्र के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। मोबाइल फोन, स्मार्ट/डिजिटल घड़ियाँ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, किताबें, बैग और माचिस/सिगरेट लाइटर जैसी ज्वलनशील सामग्री ले जाना सख्त मना है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केंद्रों पर इन प्रतिबंधित वस्तुओं को रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी।

अभ्यर्थी केवल ई-प्रवेश पत्र, पेन, पेंसिल और फोटो पहचान-पत्र ही साथ ले जा सकेंगे। परीक्षा के अंतिम 30 मिनट के दौरान शौचालय जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समाप्त होने पर उत्तर पुस्तिका जमा होने तक अपनी सीट पर ही बैठना अनिवार्य है।

परीक्षा के दौरान आपस में बातचीत करना या उत्तर पुस्तिका में संशोधन करना वर्जित है। प्रतिबंधित वस्तुएं रखने, अनुशासन तोड़ने या नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है और दोषियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है। परीक्षा केंद्रों पर तैनात सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट पूरी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *