बदायूं में 100 यात्रियों से भरी डबल डेकर बस पलटी:टायर फटने से हादसा, 12 यात्रियों को मामूली चोटें


बदायूं में गुरुवार रात करीब पौने 10 बजे हजरतपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 100 यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बस का अगला टायर अचानक फटने के बाद हुआ। तेज रफ्तार में टायर फटने से चालक बस को संभाल नहीं पाया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। हरदोई से दिल्ली जा रही थी बस पुलिस के मुताबिक, डबल डेकर बस हरदोई के डहेलिया से दिल्ली के सलेमपुर जा रही थी। गंगा एक्सप्रेसवे पर बस सामान्य गति से चल रही थी, इसी दौरान अचानक अगला टायर फट गया। इससे चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस पलट गई। इन यात्रियों को आई चोट हादसे में फूल सिंह (40), रमेश (22), अमित (18), गंगाराम (50), अनुज कुमार (37), रेशमा (55), नवनीत सक्सेना (8), उपासना सक्सेना (25), माया देवी (45), अजीरा (16), रोहित (19), सर्वेश (30) और सुमन (35) के घायल होने की जानकारी दी गई है। ये यात्री हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बरेली और सीतापुर समेत अलग-अलग स्थानों के रहने वाले हैं। बस हटाने की कार्रवाई शुरू पुलिस ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में किसी तरह की गंभीर जनहानि नहीं हुई है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ ही बस को एक्सप्रेसवे से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *