प्रमोद यादव। प्रयागराज3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में TGT-PGT भर्ती में योग्यता संशोधन और नए विज्ञापन के विरोध में प्रतियोगी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। छात्र पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर भर्ती कराने की मांग कर रहे हैं।
गुरुवार को शिक्षा निदेशालय का घेराव करने के बाद छात्रों ने शुक्रवार सुबह 10 बजे तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आमरण अनशन और आत्मदाह की चेतावनी दी थी। इसके बाद शुक्रवार को शिक्षा निदेशालय में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। परिसर में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
17 सितंबर को निदेशालय पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थी
17 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे प्रतियोगी छात्रों का एक बड़ा समूह सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल से शिक्षा निदेशालय पहुंचा। छात्रों ने वहां नारेबाजी करते हुए TGT-PGT भर्ती में योग्यता के नए प्रावधानों का विरोध किया। वे पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर भर्ती कराने तथा नए विज्ञापन को रद्द करने की मांग पर अड़े रहे।
अभ्यर्थियों ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कामता राम पाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने छात्रों को उनकी मांगों से उच्चाधिकारियों और शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया। बातचीत के बाद कुछ देर के लिए स्थिति शांत हुई, लेकिन छात्रों ने आंदोलन जारी रखने की बात कही।

सुबह 10 बजे तक कार्रवाई का अल्टीमेटम
धरना स्थल पर मौजूद छात्रों ने चेतावनी दी कि 18 सितंबर की सुबह 10 बजे तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो वे शिक्षा निदेशालय परिसर में आमरण अनशन और आत्मदाह जैसा कदम उठाएंगे। छात्रों का मुख्य जोर पुरानी नियमावली से भर्ती और नए विज्ञापन को रद्द करने पर है।
TGT-PGT भर्ती में नई व्यवस्था के तहत कुछ विषयों की शैक्षिक योग्यता में बदलाव और परीक्षा पाठ्यक्रम में संशोधन किया गया है। छात्रों का कहना है कि इससे लंबे समय से भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी प्रभावित होंगे।
चेतावनी के बाद निदेशालय में बढ़ाई सुरक्षा
छात्रों की चेतावनी को देखते हुए अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कामता राम पाल ने प्रयागराज के पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शिक्षा निदेशालय परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। इसके बाद शुक्रवार को परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
निदेशालय के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं। छात्रों के अगले कदम को लेकर प्रशासन भी सतर्क है।
पुरानी नियमावली पर लंबे समय से आंदोलन
TGT-PGT भर्ती को लेकर प्रतियोगी छात्र अगस्त से ही पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न से विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। अगस्त में भी शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन कर करीब 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती की मांग उठाई गई थी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित और ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। शुक्रवार को शिक्षा निदेशालय में पुलिस बल की तैनाती के बीच अब प्रशासन और छात्रों के अगले कदम पर नजर बनी हुई है।
