Sukesh Chandrasekhar Letter | Arvind Kejriwal Satyendar Jain Delhi Scam

5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सुकेश चंद्रशेखर ने जेल से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को नया पत्र लिखा है। पत्र में उसने पार्टी से जुड़े तीन और घोटाले उजागर करने की धमकी दी है।

20 अगस्त 2026 को लिखे इस पत्र में चंद्रशेखर ने दावा किया कि दिल्ली शराब नीति और जल बोर्ड को लेकर उसके पिछले खुलासे सही साबित हुए हैं। उसने कहा कि अब तीन और घोटालों का खुलासा होने वाला है।

यह पत्र गुरुवार को सामने आया। चंद्रशेखर इस समय जेल में बंद है। उसने आम आदमी पार्टी को ‘घोटालों की ऑलवेज पार्टी’ बताते हुए पंजाब को लेकर भी चेतावनी दी है।

तीन विभागों में घोटाले उजागर करने का दावा

चंद्रशेखर ने पत्र में लिखा, “आपके भ्रष्टाचार को उजागर करने की दिशा में एक और कदम। 2021-22 के खुलासे सही साबित हुए हैं। शराब नीति मामले के बाद अब जल बोर्ड का मामला सामने है। अगले तीन मामले अभी आने बाकी हैं।”

उसने आगे लिखा, “आपके तीन अन्य अहम विभागों में तीन और घोटाले और भ्रष्टाचार उजागर किए जाएंगे।” पत्र में उसने इन खुलासों को ‘लोडिंग में’ बताया है।

चंद्रशेखर ने आम आदमी पार्टी को “एएपी यानी Anytime, Always Party of Scam” कहा। उसने केजरीवाल को पंजाब के लोगों को दोबारा बेवकूफ बनाने से बचने की चेतावनी दी।

उसने लिखा, “चिंता मत कीजिए, जल्द ही एएपी यानी घोटालों की ऑलवेज पार्टी की पहचान घोटालों वाली हकीकत के और करीब जाएगी। पंजाब को फिर से बेवकूफ बनाने की बात भूल जाइए।”

चंद्रशेखर ने आगे कहा, “लोग आप सभी को ठीक से पीछे धकेलेंगे। दिल्ली में जो हुआ, पंजाब में आपकी अकड़ और आपकी घोटाले वाली पार्टी के खिलाफ इससे भी ज्यादा गुस्सा दिखेगा।”

युवाओं और Gen-Z को लेकर केजरीवाल पर आरोप

पत्र में चंद्रशेखर ने Gen-Z और देश के युवाओं का भी जिक्र किया। उसने आरोप लगाया कि केजरीवाल युवाओं को भड़काने के लिए अपने ‘प्रॉक्सी’ लोगों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

उसने लिखा, “केजरीवाल जी, देश के युवाओं और Gen-Z को भड़काने के लिए जिन प्रॉक्सी लोगों का आप इस्तेमाल कर रहे हैं, वह काम नहीं करेगा। आपके प्रॉक्सी लोगों का भी खुलासा होगा। यह मेरा BAE यानी Before Anything Else काम होगा।”

चंद्रशेखर ने आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ अपने पुराने संबंधों का भी संकेत दिया। उसने 2015 और 2016 में हुई अपनी ‘एसोसिएशन’ का जिक्र किया।

उसने लिखा, “मैं आपको एक संकेत देता हूं। आप और आपके प्रॉक्सी संस्थापक 2015 और 2016 में मेरे साथ अपने संबंधों को याद करें। आप लोग डेलुलुलु में हो सकते हैं, लेकिन मुझे सब याद है। मैं जल्द ही आपको चौंकाऊंगा।”

केजरीवाल-जैन को जेल के 2.0 की बधाई

चंद्रशेखर ने कहा कि वह देश के भविष्य यानी युवाओं को बेवकूफ नहीं बनने देगा। उसने पत्र में लिखा, “मैं अपने छोटे भाइयों और बहनों, जो हमारे देश और हमारे युवाओं का भविष्य हैं, उन्हें आप लोगों को बेवकूफ नहीं बनाने दूंगा।”

उसने आगे लिखा, “इसलिए केजरीवाल जी और सत्येंद्र जी, जेल के आपके 2.0 के लिए बधाई। अब यह भी आने वाला है।” इसके बाद उसने केजरीवाल और उनकी प्रॉक्सी पार्टी को निशाना बनाने की बात कही।

चंद्रशेखर ने लिखा, “बहुत जल्द, बहुत जल्द केजरीवाल जी और आपकी प्रॉक्सी पार्टी, मैं आप लोगों के पीछे आ रहा हूं। इस बार अंतिम कार्रवाई करूंगा। मैं इसे पूरा करके रहूंगा।”

पत्र के अंत में उसने खुद को “आपका सबसे बुरा सपना” बताया। उसने नेतृत्व के सभी लोगों का खुलासा करने की बात दोहराते हुए लिखा, “मैं आप सभी का खुलासा करूंगा।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *