Sitapur Police Line | Head Constable Body Found in Government Residence

अभिषेक सिंह | सीतापुर5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सीतापुर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के सरकारी आवास से सोमवार देर रात अचानक तेज बदबू आने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवास का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से बदबू तेज आने पर दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुई।

कमरे के फर्श पर एक हेड कांस्टेबल का शव पड़ा मिला। शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे पुलिस लाइन परिसर के टाइप-1 आवास संख्या 142 से तेज बदबू आने की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आवास बंद था। दरवाजा खुलवाने के बाद अंदर से बदबू अधिक आने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। अंदर फर्श पर हेड कांस्टेबल अजय कुमार पुत्र धनीराम, निवासी थाना उन्नाव, जनपद उन्नाव, का शव पड़ा मिला।

कमरे में मिले शराब के पाउच

शव मिलने की सूचना पर एएसपी और सीओ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को बुलाकर मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस को किसी आपराधिक घटना से संबंधित स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। हालांकि, कमरे में शराब के कुछ पाउच मिले हैं और हेड कांस्टेबल का शव फर्श पर पड़ा था। पुलिस ने मौत की परिस्थितियों को लेकर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

पिछले साल हो चुका था ट्रांसफर

सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल अजय कुमार का पिछले वर्ष लखीमपुर खीरी जनपद के लिए स्थानांतरण हो चुका था। उनकी रवानगी भी 21 नवंबर 2025 को लखीमपुर खीरी के लिए कर दी गई थी, लेकिन उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास खाली नहीं किया था और वह उसी आवास में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन दिन से कमरे में पड़ा होने की आशंका है। इसी वजह से सोमवार रात तेज बदबू आने पर आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी हुई। हालांकि, हेड कांस्टेबल की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पैनल से होगा पोस्टमार्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग भी

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया जाएगा। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी, ताकि मौत के कारणों को स्पष्ट किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *