मेरठ में आज भी बारिश होने के आसार:बीते 24 घंटों में 16 मिमी बारिश की गई रिकॉर्ड, तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट


मेरठ में रविवार को भी आसमान में छाए बादलों के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। शनिवार को हुई बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया। दिनभर बादल छाए रहे। पूरे शहर में रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। बीते 24 घंटे में मेरठ में करीब 16 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। शुक्रवार को जहांअधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था तो वहीं बीते दिन अधिकतम तापमान गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। कई जगह लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। शहर के कुछ इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर भर गया। जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में पानी जमा होने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। बारिश के कारण बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी। जरूरी काम से घर से निकले लोगों को बारिश के बीच आवागमन करना पड़ा। कई जगह लोगों ने दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने खड़े होकर बारिश रुकने का इंतजार किया। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, लगातार बारिश और बादलों के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर भी कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के आसार बने हुए हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके चलते तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *