Singer Shot; Scam Accused Witness; Gangrape Victim Clarification

.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर गर्मी से जुड़ी रही। लू के अलर्ट को देखते हुए सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया गया है। सुबह हल्की बारिश से लू में भी राहत मिली।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदला

पंजाब में गर्मी को देखते हुए सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया है। अब सभी दफ्तर और सरकारी स्कूल सुबह साढ़े 7 बजे खुलेंगे और डेढ़ बजे बंद हो जाएंगे। सभी क्लासों के स्कूलों के लिए यह आदेश दिए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदल गया।

जालंधर, लुधियाना और पठानकोट समेत कई जगह हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक हल्की बारिश से तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट आई। गुरूवार दोपहर ढाई बजे टेंपरेचर 43.2 डिग्री था, जो शुक्रवार दोपहर में 39.7 डिग्री तक आ गया। इस वजह से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

वहीं चंडीगढ़ में गर्मी और लू का प्रकोप आज भी जारी रहा। तेज हवाएं चलने से लोगों को लू ने बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक गुरूवार को बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां टेंपरेचर 44.6 डिग्री तक पहुंच गया। 24 से 26 मई को मौसम साफ रहेगा और टेंपरेचर फिर बढ़ सकता है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. चंडीगढ़ में ₹116 करोड़ घोटाले की आरोपी बोली- सरकारी गवाह बनूंगी

चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड में हुए 116.84 करोड़ रुपए के घोटाले में गिरफ्तार पूर्व चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नलिनी मलिक अब सरकारी गवाह बनने की तैयारी में है। बुड़ैल जेल में बंद नलिनी ने वार्डर के जरिए सीबीआई कोर्ट को अर्जी भेजकर जांच में शामिल होने की इच्छा जताई।

अर्जी में नलिनी ने कहा है कि यदि उसे सरकारी गवाह बनाया जाता है तो वह स्मार्ट सिटी घोटाले से जुड़े कई अहम खुलासे कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, वह नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े कई बड़े अधिकारियों की भूमिका पर भी जानकारी देने को तैयार है।

सीबीआई कोर्ट ने इस अर्जी पर जांच एजेंसी से जवाब मांगा है। इससे पहले नलिनी बुड़ैल जेल में ड्रग पैडलर से भिड़ चुकी है। जिसमें नलिनी को ही चोटें लगीं थीं (पढ़ें पूरी खबर)

3. लुधियाना में लेडी सिंगर को छाती-कनपटी में 2 गोलियां मारीं

पंजाबी सिंगर इंदर कौर के लुधियाना में हुए मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद ये सामने आया है कि सिंगर के दो गोलियां लगी है। एक गोली उसकी छाती के दाहिनी तरफ आर पार हुई है और दूसरी गोली माथे में फंसी मिली।

सिंगर का लुधियाना में डॉक्टरों के बोर्ड के जरिए पोस्टमॉर्टम कराया गया है। इसमें फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. करन, डॉक्टर विशाल चोपड़ा और डॉक्टर मनदीप को शामिल किया गया था। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद इंदर कौर का लुधियाना में अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान उनकी नानी बेहोश हो गई। परिवार के बाकी लोग भी जोर-जोर से रोते दिखाई दिए। वहीं कत्ल के आरोपी NRI सुखविंदर सुक्खी के वकील ने दावा किया कि यह कत्ल नहीं बल्कि सुसाइड है। सुक्खी कनाडा से भारत आया था, इसका किसी के पास कोई सबूत नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. AAP विधायक बोले- जीत पक्की, कसर रही तो गेट बंद कर निकाल लेंगे

पंजाब में 26 मई को निकाय चुनावों के लिए वोटिंग से पहले AAP विधायक कुलवंत बाजीगर का विवादित वीडियो सामने आया है। जिसमें वह कह रहे हैं कि 17-0 से हमारी जीत पक्की है। थोड़ी-बहुत कसर रह गई तो हम गेट बंद कर निकाल लेंगे। मारपीट नहीं करेंगे। विधायक बाजीगर ने ये भी कहा कि ये सब उन्होंने विरोधी पार्टियों से ही सीखा है।

बाजीगर पटियाला जिले में पातड़ां के शुतराना विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। उनके बयान का वीडियो सामने आते ही विरोधी भड़क गए। कांग्रेस ने इसे दिल्ली स्टाइल पॉलिटिक्स बताया। वहीं अकाली दल का कहना है कि आम आदमी पार्टी की साम-दाम, दंड-भेद की नीति यहां नहीं चलेगी। उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने ये भी कहा कि विपक्ष वाले चुनाव लड़कर अपना पैसा बर्बाद न करें। जीत तो हमारी ही होगा। AAP में भी थोड़ी-थोड़ी उनके वाली बात है। विरोधी दलों ने वीडियो शेयर कर चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है (पढ़ें पूरी खबर)

5. ओवरस्पीड बस पलटी, पीछे से 4 गाड़ियां टकराईं, 2 स्टूडेंट्स की मौत

पंजाब में गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार (22 मई) सुबह तेज रफ्तार टूरिस्ट बस बेकाबू होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। बस के पलटते ही उसके पीछे से आ रही 4 गाड़ियां भी उसमें टकरा गईं। बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी।

बस में ज्यादातर अमृतसर के इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स सवार थे। इसमें सवार 2 स्टूडेंट्स की मौके पर ही मौत हो गई। 5 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। मरने वाले स्टूडेंट अखिल पांडे और नितिन थे। जो कॉलेज में एग्जाम खत्म होने के बाद घर जा रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक यह हादसा बस की ओवरस्पीड की वजह से हुआ है।

हादसे में बाल-बाल बचे ग्लोबल कॉलेज के छात्र नितिश, हरीश और विश्व अरोड़ा ने रोते हुए बताया कि हमारे पेपर खत्म हुए थे, इसलिए हम सब छुट्टियां बिताने अपने घर जम्मू जा रहे थे। अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। CM भगवंत मान ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की (पढ़ें पूरी खबर)

6. अमेरिकी पुलिस गुरुद्वारे में जूते पहनकर घुसी, सिर भी नंगा

अमेरिका की पुलिस एक गुरुद्वारे में जूते पहनकर ही अंदर घुस गई। जिस जगह पुलिस वाले खड़े थे, वहीं पर श्री गुरू ग्रंथ साहिब का पवित्र स्वरूप भी रखा हुआ था। इसका वीडियो सामने आते ही पंजाब में सिख संगठनों में गुस्सा है। उन्होंने इसे मर्यादा के उलट बताया है। पुलिस यहां गोलक को लेकर हुए विवाद के बाद आई थी।

यह गुरुद्वारा फिलाडेल्फिया में है। 19 मई को यहां पर गोलक में आए डॉलर और नोट गिने जा रहे थे। इस दौरान गिनती में अंतर को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि किसी ने फोन कर वहां अमेरिकी पुलिस बुला ली। पुलिस वाले सीधे गुरुद्वारे के अंदर आ गए। इस बारे में अभी तक गुरुद्वारा कमेटी या अमेरिकी पुलिस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हालांकि अमेरिका में रहने वाले कुछ लोगों का दावा है कि जूते भी अमेरिकी पुलिस की यूनिफॉर्म का हिस्सा हैं। ऑन ड्यूटी होने पर वह इसे नहीं उतार सकते। वहीं SGPC ने इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब से मामले की जांच करवाकर ऐसे हालात बनाने के दोषियों को तलब करने और उन पर कार्रवाई की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. पंजाबी युवती ने ₹558 करोड़ हर्जाना मांगा, बोली- माता-पिता मरे, मुझे 13 गोलियां लगीं

पंजाबी युवती ने माता-पिता की हत्या के मामले में कनाडा पुलिस पर 558.4 करोड़ रुपए के हर्जाने का केस किया है। युवती का कहना है कि उसके पेरेंट्स की हत्या पुलिस की लापरवाही के चलते हुई है। 3 साल पहले जसप्रीत कौर सिद्धू (31) के माता-पिता अमृतसर से कनाडा के ओंटारियो बच्चों से मिलने आए थे।

20 नवंबर 2023 को जिस घर में वो ठहरे, वहीं कुछ हमलावरों ने जगतार सिद्धू और हरभजन सिद्धू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जसप्रीत को भी 13 गोलियां लगी थीं। अब जसप्रीत कौर ने कोर्ट में 20 मई 2026 को वकील फ्रेडरिक शूमान के जरिए कनाडा पुलिस पर केस किया है।

युवती ने आरोप लगाया कि पुलिस ने परिवार को किसी भी खतरे के बारे में नहीं बताया था और वहां रहने के लिए क्लीन चिट दी थी। जबकि हत्या से 4 दिन पहले ही घर का विजिट भी किया था। उधर, पुलिस का कहना है कि ये सब गलती से ये हुआ है (पढ़ें पूरी खबर)

8. दो पाकिस्तानी गिरफ्तार, गाड़ी लेकर भारत बॉर्डर में घुसे

अमृतसर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) जवानों ने अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए 2 पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक गाड़ी भी बरामद की गई है। इस संबंध में सुरक्षा एजेंसियां दोनों से पूछताछ कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति पाकिस्तान के कसूर इलाके में दुकानों पर अलग-अलग सामान सप्लाई करने का काम करते थे। इसी दौरान वे अपनी निजी गाड़ी में सीमा पार करते हुए भारतीय क्षेत्र में पहुंच गए, जहां बीएसएफ जवानों ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार नागरिकों की पहचान मोहम्मद सलीम (60), निवासी नास्टर कॉलोनी, फिरोजपुर रोड, लाहौर और अमीर नवाज (40), निवासी जसहीन टाउन, गज्जी रोड लाहौर के रूप में हुई है। BSF अधिकारियों ने जीरो लाइन पर पाकिस्तानी रेंजर्स को भी इस संबंध में जानकारी दे दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों से अमृतसर सेक्टर में BSF अधिकारी बारीकी से पूछताछ कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

9. भज्जी ट्रोलर्स पर भड़के, बोले- सीट कितने में बेची, लाला को कितना माल पहुंचाया

मोहाली में दिनदहाड़े बच्ची की किडनैपिंग पर सवाल उठाने के मामले में पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह भज्जी दूसरे दिन भी ट्रोलर के निशाने पर रहे। AAP छोड़ BJP में शामिल हुए भज्जी ने एक ट्रोलर को कहा- मैंने आपके किसी लीडर को गाली नहीं दी। अपनी जुबान क्यों गंदी करुं मैं।

भज्जी ने लिखा- मुझे गद्दार कहने वालो पहले अपने लोगों से पूछो कि पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची थी। अगर ना बताएं तो मैं आपको बताऊंगा कि किसको कितना चढ़ावा गया था और किसकी तरफ से गया था। कैसे किसको मंत्री और संतरी बनाया गया। पंजाब को लूटने के लिए और लाला को माल पहुंचाने के लिए किसने क्या किया। पंजाब को लूट खा गए आप सब।

भज्जी ने एक महिला यूजर्स को जवाब देते हुए कहा कि दीदी आपकी पॉलिटिकल पार्टी ने ही मेरे घर के बाहर पुतला जलाया और गद्दार लिखा। आम लोग तो ऐसे काम नहीं करते। यह सिर्फ उनकी घटिया सोच को दर्शाता है। चलिए, इस देश के लोगों को ही तय करने देते हैं कि वे मुझे कैसे याद रखेंगे। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता अगर कुछ पेड ट्रोलर्स मेरे बारे में बकवास लिखते हैं (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके:-

10. गैंगरेप का आरोप लगा महिला बोली- गलतफहमी हो गई थी

हाईकोर्ट में एक महिला गैंगरेप के आरोप से मुकर गई। महिला ने कहा कि उसे गलतफहमी हो गई थी। हालांकि कोर्ट ने इस पर सख्त रुख अपनाया। कोर्ट ने कहा कि कानून का इस तरह इस्तेमाल करना न्यायिक प्रक्रिया का मिसयूज है। इससे महिलाओं की गरिमा प्रभावित होती है। कोर्ट ने महिला पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया।

इस मामले में समझौते के आधार पर FIR रद्द करने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने FIR रद्द तो कर दी लेकिन जुर्माना लगा दिया। आरोपियों को भी 10-10 हजार रुपए का जुर्माना भरने को कहा। केस की सुनवाई करते हुए जस्टिस आलोक जैन ने कहा कि शिकायतकर्ता ने कई लोगों पर गैंगरेप जैसे गंभीर आरोप लगाए।

कोर्ट ने कहा- इतने गंभीर आरोपों को बाद में “गलतफहमी” बताना साफ दर्शाता है कि शिकायतकर्ता ने कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग किया और अधिकारियों को गुमराह करने के साथ आरोपियों पर अनुचित दबाव बनाने की कोशिश की। इस तरह के मामलों से महिलाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचता है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है (पढ़ें पूरी खबर)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.