- Hindi News
- National
- Shillong Petrol Bomb Attacks | Government Buildings & Police Booths Targeted
2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में 16 सितंबर की शाम से 17 सितंबर की सुबह तक सरकारी और पुलिस थानों पर चार बम हमले हुए। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
हमलों में पेट्रोल बमों का इस्तेमाल किया गया। किसी भी घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हमलों के बाद शहर में सरकारी और पुलिस परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हमलावरों और हमलों की वजह का अभी पता नहीं चला है। पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग परिसर और पुलिस बूथ को बनाया निशाना
गुरुवार तड़के उपद्रवियों ने लैतुमखरा इलाके में डायरेक्टोरेट ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DHS) परिसर पर पेट्रोल बम फेंका। इससे परिसर में आग लग गई।
आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।
इसी दौरान, अज्ञात उपद्रवियों ने तड़के नॉंगमेंसॉन्ग इलाके के पुलिस बूथ में आग लगा दी। इन दोनों हमलों से कुछ घंटे पहले बुधवार रात लुमडिएंगजरी पुलिस स्टेशन पर पेट्रोल बम फेंका गया था।
बम पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी के कमरे के पिछले हिस्से में गिरा। इससे कमरे को मामूली नुकसान हुआ।
खनिज संसाधन विभाग के कार्यालय पर भी हमला
बुधवार शाम रिसा कॉलोनी में डायरेक्टोरेट ऑफ मिनरल रिसोर्सेज (DMR) कार्यालय पर भी पेट्रोल बम हमला हुआ। इस घटना में DMR कर्मचारी की निजी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक, चारों घटनाएं 16 सितंबर की शाम से गुरुवार तड़के के बीच हुईं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम सभी घटनाओं की जांच कर रहे हैं। सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं।”
पुलिस जिम्मेदार लोगों की पहचान और हमलों की वजह पता लगाने के लिए CCTV फुटेज और उपलब्ध दूसरे सबूतों की जांच कर रही है।
इन लगातार हुए हमलों के बाद शहर में सरकारी और पुलिस ठिकानों के आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
