सनी गुप्ता, संभल2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

संभल में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने शुक्रवार को गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन का लक्ष्य ‘जीरो इंसीडेंट-जीरो एक्सीडेंट’ के साथ कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना है।
पांच गंगा घाटों का किया निरीक्षण
शुक्रवार शाम बैठक के बाद अधिकारी रात करीब 7:30 बजे पांच प्रमुख गंगा घाटों पर पहुंचे। गुन्नौर तहसील के राजघाट और सांकरा घाट पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार और सीओ अंकित मिश्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अधीनस्थ कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन लागू
प्रशासन ने घाटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। विभिन्न गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। अधिकारियों ने डूबने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम करने, सांकरा घाट तक एक मुख्य मार्ग निर्धारित करने तथा अन्य मार्गों पर बैरिकेडिंग और संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही डीप फ्लोटिंग बैरिकेडिंग, वाटर स्कूटर और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने सिरसी रेलवे क्रॉसिंग के पास क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ियों के जत्थों को एक पड़ाव से दूसरे पड़ाव तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए लैपर्ड और पीआरवी लगातार सक्रिय रहें।

मंदिरों में अलग प्रवेश-निकास और स्वच्छता पर जोर
अधिकारियों ने मंदिरों में प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग रखने, मजबूत बैरिकेडिंग करने, श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने तथा मंदिर परिसर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
डीएम बोले- सोमवार को 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि अलीगढ़ और आसपास के जिलों से विशेषकर सोमवार को 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है, लेकिन पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और प्रकाश व्यवस्था की जा चुकी है। जो व्यवस्थाएं शेष हैं, उन्हें भी अगले दिन तक पूरा कर लिया जाएगा।
