अरुण हत्याकांड में कार मालिक और नाबालिग आरोपी गिरफ्तार:43 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी थी, मुख्य आरोपी समेत 4 फरार


फर्रुखाबाद में रियल एस्टेट कर्मचारी अरुण हुड्डा की हत्या के मामले में पुलिस ने कार मालिक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 7 बजे प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी। वहीं हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपियों समेत 4 लोग फरार हैं। पुलिस तलाश में दबिश दे रही है। पत्नी और मासूम बेटे के सामने मारी थी गोली घटना रविवार को कादरी गेट थाना क्षेत्र में हुई थी। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित दयालपुर निवासी अरुण हुड्डा पत्नी राखी और ढाई वर्षीय बेटे के साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहे थे। रास्ते में वे कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए एक दुकान पर रुके थे। इसी दौरान दूसरी कार से आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश मृतक की पत्नी राखी की तहरीर पर गांव के ही रोहित समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने पांच टीमें गठित की थीं, जिनमें तीन टीमें दिल्ली-एनसीआर में जांच कर रही थीं। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार कार मालिक सोनू और एक नाबालिग ने बताया हत्या की साजिश दयालपुर निवासी रोहित और रंजीत ने मिलकर रची थी। दोनों की अरुण से रंजिश थी और पहले भी उनके बीच विवाद हो चुका था। आरोप है कि रोहित ने रंजीत के चाचा के बेटे अमित से 43 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी थी। घूमने जाने की सूचना मिलते ही किया पीछा पुलिस के अनुसार, जैसे ही आरोपियों को अरुण के परिवार के साथ बाहर जाने की जानकारी मिली, उन्होंने उसका पीछा शुरू कर दिया। फर्रुखाबाद पहुंचने पर मौका मिलते ही साहिल ने अरुण पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। गिरफ्तार सोनू ने पूछताछ में बताया कि उसने रोहित के कहने पर घटना के लिए अपनी कार उपलब्ध कराई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल एक आरोपी सोनू का भाई भी है। पिस्टल, कारतूस और कार बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, 3,340 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार बरामद की है। कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि मामले में चार आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *