ओमपाल | रामपुर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रामपुर में श्रावण मास के पहले सोमवार को कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रामपुर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। सोमवार रात करीब 10 बजे जिलाधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने थाना मिलक क्षेत्र स्थित रामपुर-बरेली बॉर्डर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बॉर्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात संचालन, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की आशंका न रहे।
डीएम बोले- श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुचारु और समयबद्ध तरीके से संचालित करने पर जोर देते हुए संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहने को कहा।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिए सतर्कता के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बॉर्डर पर हर गतिविधि पर रहेगी नजर
अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बॉर्डर क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों और कांवड़ियों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि यातायात जाम या किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
यात्रा पूरी होने तक रहेगी विशेष निगरानी
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
