लखनऊ में कोचिंग जाते समय छात्रा से छेड़खानी:AI से फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा


लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में कोचिंग जाती एक छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने अपनी तहरीर में बताया कि वह पिछले कई महीनों से कंप्यूटर कोचिंग के लिए जाती है। इसी दौरान क्षेत्र निवासी तुषार रावत उसे रास्ते में रोककर अश्लील हरकतें करता था। वह छात्रा पर बातचीत करने और मिलने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करता और जान से मारने की धमकी देता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी बिना अनुमति के चोरी-छिपे तस्वीरें भी खींचीं। इसके बाद वह एआई की मदद से अश्लील फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी की हरकतों से छात्रा काफी समय से भय और तनाव में थी, लेकिन लोकलाज के कारण उसने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। जब आरोपी की धमकियां लगातार बढ़ने लगीं, तब छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर काकोरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी तुषार रावत के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *