लुधियाना में अरविंद और मुस्कान ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज की। कुछ महीनों तक मुस्कान के परिजन ने उनसे दूरी बनाकर कर रखी। बाद में पंचायती राजीनामा हुआ और मुस्कान के परिजन ने उन्हें अपने घर के नजदीक किराए के एक घर में रखा।
.
8 महीने बाद अचानक अरविंद की मौत हो गई। अरविंद के भाई गोबिंद का आरोप है कि मुस्कान के परिजन अरविंद से रंजिश रखते थे, क्योंकि उसने मुस्कान के साथ भागकर शादी की थी।
गोबिंद का कहना है- अरविंद के ससुर ने मौत से कुछ घंटे पहले मेरी मां को फोन पर कहा था कि ये कल जेल जाएगा। अरविंद के ससुराल वालों ने ही उसकी हत्या की है। कह रहे हैं कि उसे सांप ने डंसा है, लेकिन असल में उसे जहर देकर मारा है।
अरविंद के परिजन ने जब हत्या का आरोप लगाया तो इसी विवाद में 3 दिन तक शव सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में पड़ा रहा। अब पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया और परिजन ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम में अरविंद के सिर पर हल्की चोट का निशान मिला है। हालांकि, मौत का असली कारण विसरा रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा।

सिविल अस्पताल में जानकारी देते हुए अरविंद के परिजन।
मृतक के भाई ने ससुरालियों पर लगाए ये गंभीर आरोप…
- मौत की सूचना नहीं दी: हंबड़ा रोड के रहने वाले अरविंद के भाई गोबिंद का कहना है कि 23 जुलाई की रात को जब उसकी मौत हुई तो उसके ससुराल वालों ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी। उन्हें अन्य लोगों से इस बारे में पता चला। उनका कहना है कि 23 जुलाई की रात को मौत हुई और उन्हें 24 जुलाई को दिन में पता चला।
- सांप ने काटा है: गोबिंद ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि अरविंद की मौत हो गई है तो उसकी मां ने अरविंद के फोन पर कॉल की। फोन मुस्कान की मां ने उठाया और कहा कि उसे सांप ने काट लिया। वहीं, ससुरालवालों ने पुलिस को बताया कि अरविंद बीमार था। गोबिंद का कहना है कि अरविंद के शरीर पर कहीं भी सांप के डंक का निशान नहीं था।
- पूरी तरह से स्वस्थ था: गोबिंद ने कहा कि अरविंद बिल्कुल स्वस्थ था। उसे कोई बीमारी नहीं थी। उसकी मौत न तो बीमारी से हुई है और न ही सांप के काटने से हुई है। उसका आरोप है कि ससुरालवालों ने उसकी किसी तरीके से हत्या की है।
- शाम के समय दी थी धमकी: गोबिंद ने कहा- 23 जुलाई को मेरी मां ने गोबिंद को फोन किया तो फोन उसके ससुर ने उठाया। जब उन्होंने पूछा कि गोबिंद कैसा है तो ससुर ने कहा कि अब यह कल सुबह जेल जाएगा। वे (ससुरालवाले) उसे कई दिन से टॉर्चर कर रहे थे, इसलिए वह उस दिन घर आना चाहता था।
- भागकर घर आता था अरविंद: गोबिंद का कहना है कि दो-तीन महीने से अरविंद और मुस्कान के बीच भी विवाद होने लगा था तो वह कई बार भागकर घर आ जाता था। 15 दिन पहले भी वह आया था और फिर हमने उसे वापस पत्नी के पास भेज दिया। वह तब भी कह रहा था कि उसके ससुरालवाले उन्हें जीने नहीं दे रहे।
- संस्कार में नहीं पहुंचे ससुरालवाले: गोबिंद ने बताया कि अरविंद की पत्नी और उसके मायके वाले अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे। गोबिंद ने बताया कि भाई की मौत के बाद उसकी पत्नी व उसके मायके वाले एक बार भी उनके पास नहीं आए।
- पुलिस जबरन पोस्टमॉर्टम करवाना चाहती थी: गोबिंद का कहना है कि पुलिस शव का जबरन पोस्टमॉर्टम करवाना चाहती थी। जब उन्होंने हत्या की आशंका जताई तो पुलिस उन्हें कहने लगी कि बीमारी से मौत हुई है। जब उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया तो पुलिस ने उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया।

अरविंद व उसकी पत्नी मुस्कान की रील
मुस्कान व अरविंद की लव स्टोरी…
- फैक्ट्री में मिले दोनों: मुस्कान व अरविंद लुधियाना की एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। वहीं दोनों की आपस में बातचीत शुरू हुई। बातचीत के बाद दोनों में प्यार हो गया और दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
- लड़की के माता-पिता तैयार नहीं थे: गोबिंद ने बताया कि मुस्कान के माता-पिता इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में दोनों घर से पटना (बिहार) भाग गए थे और उन्होंने 5 नवंबर 2025 को पटना के राधा कृष्ण मंदिर में शादी की थी। इसके बाद 3 महीने तक दोनों अपने-अपने परिवारों से अलग रहे। फिर मुस्कान के गांव कंगनवाल में पंचायत हुई।
- दोनों परिवार बिहार के रहने वाले: गोबिंद ने बताया कि दोनों परिवार मूल रूप से बिहार के हैं। लड़के का परिवार दरभंगा के भेड़ी में लागोपुर गांव का रहने वाला है। जबकि, लड़की वाले पटना के गौरीचक में अंडारी के रहने वाले हैं।
- पंचायत में दोनों में राजीनामा हुआ: गोबिंद ने बताया कि पंचायत में भी मुस्कान के परिजन ने शादी पर आपत्ति जताई थी। उसके बाद पंचायत ने दोनों पक्षों का राजीनामा करवाया। मुस्कान व अरविंद उसके बाद कंगनवाल गांव में ही मुस्कान के माता-पिता के नजदीक रहने लगे।
- एक ही आईडी से बनाते थे रील: गोबिंद ने बताया कि दोनों के पास एक ही मोबाइल था। दोनों इंस्टाग्राम पर एक ही आईडी पर अपनी रील अपलोड करते थे। दोनों आपस में पहले खुश थे। उसने बताया कि 17 जुलाई तक उसके भाई अरविंद ने इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट की हैं।
डॉक्टरों के बोर्ड से करवाया पोस्टमॉर्टम
कंगनवाल पुलिस चौकी के ASI व जांच अधिकारी सुरजीत सिंह का कहना है कि परिजन ने उन्हें बीमारी से मौत की सूचना दी थी। अब मृतक के परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। उन्हें शक है कि उसे कुछ जहरीला पदार्थ दिया गया है।
उन्होंने बताया कि डाक्टरों के बोर्ड से उसका पोस्टमॉर्टम करवाया है। बिसरा जांच के बाद फाइनल रिपोर्ट आएगी और उसके बाद ही साफ होगा कि उसकी मौत कैसे हुई। उन्होंने कहा कि परिजन के बयान के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
लुधियाना में शादी के 5 महीने बाद सुसाइड, युवक नहर में कूदा, मरने से पहले VIDEO बनाया

लुधियाना में एक युवक ने शादी के 5 महीने बाद गिल नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो भी शूट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और उसके मायके वालों पर आरोप लगाया कि उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। पढ़ें पूरी खबर…