कुंदन पाल | ललितपुर4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ललितपुर में फेसबुक लाइव के दौरान भाजपा नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और आत्महत्या की धमकी देने के आरोप में भाजपा के एक कार्यकर्ता के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। भाजपा जिला मंत्री की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला गांधी नगर नई बस्ती निवासी भाजपा कार्यकर्ता संतोष नायक ने 25 जुलाई को फेसबुक लाइव किया था। आरोप है कि लाइव के दौरान उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, जिला मंत्री ध्रुव राजा सहित अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही आत्महत्या करने की धमकी भी दी।
पार्टी की छवि प्रभावित हो रही
इस मामले में रविवार को भाजपा के जिला मंत्री ध्रुव राजा ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर संतोष नायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संतोष नायक लगातार फेसबुक लाइव के माध्यम से उनके और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ मानहानिकारक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी आत्महत्या की धमकी देकर उन्हें और अन्य लोगों को मानसिक दबाव में लाने तथा ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि फेसबुक लाइव के दौरान आरोपी ने कहा, “मेरी जीआईसी में नौकरी लगवा दो, नहीं तो वह जान से मार देंगे।” शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी इस तरह की हरकतें पहले भी करता रहा है, जिससे पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है और समाज में भ्रम का माहौल बन रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया-
संतोष नायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

