अनुज कौशिक | जालौन1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जालौन जनपद में भारत सरकार की जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान बुधवार से शुरू हो गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पहले दिन स्वयं ऑनलाइन गणना कर जनपदवासियों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया। प्रशासन ने नागरिकों से घर बैठे ऑनलाइन सही जानकारी देने की अपील की है, ताकि विकास योजनाओं की मजबूत नींव रखी जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान 07 मई से 21 मई 2026 तक चलेगा। नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर से ओटीपी सत्यापन कर अपनी और परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश और समाज के विकास की आधारशिला है। इसी के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है।
डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने नागरिकों से स्व-गणना के दौरान परिवार से संबंधित सभी जानकारियां सही और सावधानीपूर्वक दर्ज करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से परिवार द्वारा सबसे अधिक उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज की जानकारी सही भरने पर जोर दिया, ताकि भविष्य की योजनाओं का बेहतर आकलन हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना पूरी होने पर प्रत्येक परिवार को एक SE ID मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। बाद में प्रगणक द्वारा इसी आईडी के आधार पर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। किसी भी सहायता के लिए जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।
जनपद प्रशासन लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान भी चला रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस स्व-गणना प्रक्रिया में भाग ले सकें।
