मड़ुआ के आटे की रोटी खाने से 49 महिलाएं बीमार:बलिया के चोकन-आसचौरा गांव की घटना, 3 की हालत गंभीर; डीएम ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल


बलिया के बांसडीह तहसील क्षेत्र के ग्राम चोकन और आसचौरा में मड़ुआ के आटे की रोटी खाने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के बीमार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बीमार महिलाओं को जिला चिकित्सालय समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डीएम ने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। गंभीर मरीजों के उपचार के लिए विशेष चिकित्सकीय टीम लगाई गई है। इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रभावित गांवों का दौरा कर घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने बीमार महिलाओं के परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई। दुकान से खरीदा था मड़ुआ का आटा परिजनों के अनुसार, दुकानदार सोनू वर्मा की दुकान से मड़ुआ का आटा खरीदा गया था। इसी आटे की रोटी बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण करने के बाद महिलाओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। जिलाधिकारी ने बताया कि करीब 49 महिलाएं बीमार हुई हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर है। उनके उपचार के लिए विशेष चिकित्सकीय टीम लगाई गई है। तीन मरीजों का निजी अस्पताल में भी उपचार चल रहा है। शारदा हॉस्पिटल पहुंचकर भी लिया उपचार का जायजा डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह ने शारदा हॉस्पिटल पहुंचकर वहां भर्ती तीन मरीजों के उपचार की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आटे और खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच घटना के कारणों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम समेत संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। टीम ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मड़ुआ के आटे समेत अन्य खाद्य सामग्री की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रख रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *