शाहनवाज खान | हरदोई1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हरदोई में एक मैरिज लॉन की कीमती जमीन धोखाधड़ी से हड़पने के प्रयास में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एंटी फ्रॉड कमेटी की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ गुरुवार की सुबह मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला कोतवाली शहर इलाके का है, जहां सर्कुलर रोड निवासी अतुल गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि ग्राम बेहटाचाँद में उनकी मालिकाना हक वाली जमीन पर ‘रिवोली गार्डन मैरिज लॉन’ संचालित है।
अतुल गुप्ता ने आरोप लगाया कि बगल की जमीन के हिस्सेदार सौरभ गुप्ता, उनकी बहन वत्सला गुप्ता (निवासी सुल्तानपुर) और अशोक कुमार गुप्ता ने अन्य साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। इन पर 5.25 करोड़ रुपये के लालच में अपने कानूनी हिस्से से अधिक जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त करने का आरोप है।
आरोपियों ने इस साजिश के तहत वत्सला गुप्ता के माध्यम से भाई सौरभ गुप्ता के पक्ष में मैरिज लॉन की चाहरदीवारी के अंदर की 10375 वर्ग फीट जमीन का एक फर्जी पंजीकृत दान पत्र (गिफ्ट डीड) निष्पादित कर दिया। जबकि मौके पर उतनी कृषि भूमि मौजूद नहीं थी।

इस फर्जीवाड़े की पुष्टि उप-निबंधक (रजिस्ट्रार) सदर की स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट से भी हुई। रिपोर्ट के अनुसार, दान पत्र में दर्शाई गई संपत्ति मैरिज लॉन का ही हिस्सा है और उसका कोई स्वतंत्र रास्ता नहीं है। इसके अतिरिक्त, आरोपियों पर स्टांप चोरी का मुकदमा भी जिलाधिकारी न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित ने बताया कि फर्जी दान पत्र के आधार पर आरोपी लगातार उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर कब्जा करने की नीयत से जान-माल की धमकी दे रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी फ्रॉड सेल ने जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली शहर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाने और साजिश रचने की धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है
