पनकी में युवक का मोबाइल चोरी कर,खाते से रूपये उड़ाए:सो रहे युवक का मोबाइल चुराकर की ठगी, सर्विलांस से 4 शातिर पकड़े गए


कानपुर के पनकी क्षेत्र में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से करीब 2.50 लाख रुपये की ऑनलाइन खरीदारी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपितों के कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन और 1640 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मकान की मरम्मत के दौरान बाहर सो रहा था युवक कल्याणपुर के बैरी अकबरपुर निवासी सतीश चंद्र पनकी के सुंदर नगर में अपने मकान की मरम्मत करा रहे थे। घर के बाहर लोहे की सरिया पड़ी होने के कारण वह उसकी रखवाली के लिए रात में मकान के बाहर ही चारपाई डालकर सोते थे। 25 जून की रात भी वह मोबाइल फोन अपने बिस्तर के पास रखकर सो गए। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर उनका मोबाइल फोन पार कर दिया। सुबह नींद खुलने पर मोबाइल गायब मिला। शुरुआत में पीड़ित ने मोबाइल चोरी होने की शिकायत पुलिस से की। बाद में जब बैंक खाते से रकम निकलने और ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी सामने आई तो उसके होश उड़ गए। अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कर डाली खरीदारी पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल का इस्तेमाल कर पीड़ित के बैंक खाते से जुड़े संसाधनों का दुरुपयोग किया और अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए करीब ढाई लाख रुपये की खरीदारी कर डाली। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने में की थी। पुलिस ने जांच शुरू कर मोबाइल और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों को खंगाला। जांच के दौरान सर्विलांस टीम को कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। पतंजलि गोदाम के पास से चारों पकड़े
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि मामले में शामिल आरोपित पतंजलि गोदाम के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान पनकी निवासी निखिल सोनकर, ऋषभ कुशवाहा, अखिल सोनकर और भौंती निवासी हिमांशु चौधरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपितों के पास से पीड़ित का चोरी किया गया मोबाइल फोन और 1640 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर चारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपित शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ऑनलाइन खरीदारी में इस्तेमाल किए गए बैंकिंग माध्यम और अन्य लेनदेन की भी जांच कर रही है। आरोपितों से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *