![]()
कानपुर लखनऊ एक्सप्रेस-वे का ड्रोन शॉट।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बुधवार को अहम सूचना जारी की है। हाई-स्पीड एक्सेस कंट्रोल्ड इस एक्सप्रेसवे पर दोपहिया और तिपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
.
एक्सप्रेस-वे पर नियमों का सख्ती से होगा पालन
एनएचएआई ने साफ किया है कि एक्सप्रेसवे पर केवल अनुमत वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा और यातायात के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए दोपहिया (Two-Wheeler) और तिपहिया (Three-Wheeler) वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी। नियमों का पालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों और संकेतकों का पालन करें तथा केवल अनुमत वाहनों के साथ ही एक्सप्रेसवे का उपयोग करें। NHAI के मुताबिक यह मार्ग तेज गति वाला है, इसलिए सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
इसी के साथ FASTag वार्षिक पास को लेकर भी स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) सहित सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर मान्य है। इससे टोल भुगतान और अधिक सुविधाजनक, तेज और निर्बाध होगा। टोल प्लाजा पर प्रतीक्षा समय कम होने से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। NHAI ने सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से सुरक्षित और जिम्मेदार यात्रा की अपील करते हुए कहा है कि डिजिटल टोल प्रणाली को अपनाएं। बगैर फास्टटैग के इस एक्सप्रेस-वे पर एंट्री नहीं मिलेगी।