DM से बातचीत के बाद खाने को राजी हुए बच्चे:नवोदय स्कूल के बच्चों ने खुद को कमरे में बन्द कर रखा, खराब खाना देने का आरोप लगाया


कन्नौज के अनौगी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के करीब 95 छात्रों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और विद्यालय का भोजन करने से इनकार कर दिया। छात्र स्कूल में जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। छात्रों के कमरे में बंद होने का वीडियो सामने आने के बाद डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री रात करीब 8 बजे विद्यालय पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। डीएम के आश्वासन के बाद छात्र खाना खाने को राजी हुए। खराब खाना मिलने का आरोप लगाया छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में उन्हें लंबे समय से घटिया गुणवत्ता का भोजन दिया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने कई बार विद्यालय प्रशासन से भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की, लेकिन व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हुआ। इससे नाराज होकर 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के करीब 95 छात्रों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। विद्यालय स्टाफ ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। वीडियो सामने आया तो रात में स्कूल पहुंचे डीएम छात्रों के विरोध का वीडियो सामने आने के बाद डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री रात करीब 8 बजे अनौगी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने कमरे में मौजूद छात्रों से करीब 20 मिनट तक बातचीत की। डीएम ने छात्रों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उन्हें व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने विरोध समाप्त किया और भोजन करने के लिए राजी हो गए। डीएम बोले- अचानक निरीक्षण कर व्यवस्था परखेंगे डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि छात्रों की समस्याओं को लेकर उनसे बातचीत की गई है। फिलहाल बच्चे भोजन करने के लिए राजी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई, जो ठीक मिली। डीएम ने कहा कि संभव है कि छात्रों के आंदोलन की जानकारी के बाद कर्मचारियों को अधिकारियों के आने की आशंका हो गई हो और इसी वजह से भोजन की गुणवत्ता बेहतर रही हो। अब विद्यालय में बीच-बीच में अचानक निरीक्षण किया जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी हो सके। बोले- मेधावी बच्चों को नहीं होने देंगे परेशानी डीएम ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय में बच्चे मेरिट के आधार पर चयनित होकर आते हैं। ऐसे मेधावी विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। विद्यालय में भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कराई जाएगी, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *